स्वार। दुंदावाला किसान सेवा सहकारी समिति में रामपुर जिला सहकारी बैंक की ओर से कृषक शिविर लगाया गया। शिविर में बैंक के शाखा प्रबंधक ने किसानों को डिजिटल इंडिया के तहत ऑनलाइन लेनदेन एवं सुरक्षा बीमा योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के गांव गुलड़ पीपलसाना में दुंदावाला किसान सेवा सहकारी समिति की ओर से कृषक शिविर आयोजित किया गया। जिसमें रामपुर जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने मौजूद किसानों को एटीएम कार्ड का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान डिजिटल इंडिया के तहत ऑनलाइन लेनदेन करें। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के साथ ही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान समिति निदेशक कमर रजा खां, ग्राम प्रधान इकबाल हुसैन, बैंक कैशियर शान मोहम्मद, रामपाल सिंह, शमशाद अली सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।