कुल्लू। जिला कुल्लू पुलिस को देश की राजधानी दिल्ली में नेशनल पुलिस गवर्नेंस स्कॉच अवार्ड से नवाजा गया है। स्कॉच फाउंउेशन द्वारा दिए गए स्कॉच अवार्ड को कुल्लू पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त किया। यह अवार्ड एएसपी को दिल्ली में शनिवार शाम को दिया गया। हिमाचल प्रदेश की कुल्लू पुलिस को पुलिस गवर्नेंस वर्ग में देश के 27 राज्यों में दूसरा स्थान मिला है। राष्ट्रीय अवार्ड मिलने से कुल्लू पुलिस ने प्रदेश के साथ-साथ कुल्लू जिला का नाम भी रोशन किया है। अवार्ड मिलने से पुलिस कर्मचारियों में भी खुशी की लहर है। वहीं अवार्ड पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए संजीवनी का काम भी करेगा। पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि नेशनल पुलिस गवर्नेंस स्कॉच अवार्ड मिलना सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अवार्ड मिलने से पुलिस को और बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिलेगी।