लेफ्ट बैंक मार्ग की समस्या को लेकर प्रधान संघ नग्गर खंड का प्रतिनिधिमंडल सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। लेफ्ट बैंक मार्ग के 25 दिन बाद भी बड़े वाहनों के लिए बहाल नहीं होने को लेकर नग्गर विकास खंड प्रधान संघ मुखर हो गया है। संघ के प्रतिनिधियों ने सहायक आयुक्त को मांग पत्र सौंपकर उपायुक्त से नए पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। संघ के प्रधान भगत राम ने कहा कि कहा कि जगतसुख गांव में दोहागन नाला में लेफ्ट बैंक मार्ग में पुलों का निर्माण किया जा रहा है। विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से वर्तमान पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसमें दरारें पड़ चुकी हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी हुई है। 25 दिन बीत जाने के बावजूद लेफ्ट बैंक के लोगों की समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों और पर्यटकों के साथ स्कूली बच्चों को मनाली से वाया पतलीकूहल नग्गर होकर आना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे भी शाम 6 -7 बजे घर पहुंच रहे हैं। स्कूली विद्यार्थी और पर्यटक राइट बैंक में घंटों जाम में फंस रहे हैं, लेकिन अब विभाग ने वर्तमान पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया है और नए वैली ब्रिज को वर्तमान पुल के ऊपर ही स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसे 8-10 दिन में विभाग ने पूरा करने की बात कही है। लेफ्ट बैंक मार्ग बंद रहने से पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ा है। विभाग समय रहते पुल के कार्य को निपटाए अन्यथा लोगों के साथ मिलकर आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान जिला परिषद सदस्य चंद्रकिरण, पूर्व जिप अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, प्रधान करंजा बलवीर राणा, प्रधान नग्गर सुषमा शर्मा, बीडीसी मीरा शर्मा, उपप्रधान सोयल लालचंद, प्रधान पुईद निर्मला देवी आदि मौजूद रहे।