पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला के फातरू में वीरवार को हो रही बर्फबारी।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में सैलानी बर्फबारी का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। मनाली के पर्यटन स्थल फातरू में सैलानियों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की। बर्फ का आनंद लेने के लिए सैलानी सोलंगनाला से डेढ़ किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित फातरू पहुंचे, जहां पर पिछले दो दिन में छह इंच हिमपात हुआ है। सैलानी यहां पहुंच कर खूब मस्ती कर रहे हैं। दिल्ली से आए सैलानी मनोज और विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि इस बार जिस प्रकार सर्दियों में बर्फबारी नहीं हुई थी, उससे लग रहा था कि बर्फबारी देखने की चाहत इस साल पूरी नहीं होगी। लेकिन जैसे ही वह मनाली हनीमून मनाने पहुंचे वैसे ही बर्फबारी शुरू हो गई, जो किसी सौगात से कम नहीं है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस दौरान हो रही बर्फबारी मनाली के आगामी पर्यटन सीजन के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस साल मनाली में पर्यटकों के भारी संख्या में आने की उम्मीद है। लंबे समय तक सैलानी यहां बर्फ का तुल्फ उठा सकते हैं। हिमांचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान राजकुमार ने कहा कि इन दिनों रोहतांग और मनाली के ऊंचे क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी पर्यटन सीजन के लिए बेहतर है। कुल्लू-मनाली घूमने आने वाले सैलानी यहां बर्फ का आनंद ले सकेंगे।