कुल्लू। रोहतांग दर्रा में पांच सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा मनाली-लेह मार्ग के बीच आने वाले बारालाचा तथा स्पीति घाटी को जोड़ने वाले कुंजम दर्रा में भी बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में एकाएक गिरावट आई है। मंगलवार रात से कुल्लू व लाहौल घाटी में मौसम खराब रहने से ऊंची चोटियों में बर्फबारी तथा निचले इलाकों में बारिश दौर शुरू से घाटी का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश से जिला में करीब आधा दर्जन बस रूट प्रभावित हो गए है। इसमें कुल्लू-छमाहण तथा कुल्लू-बस्तोरी मार्ग पर डंगा ढहने से बसें चार से पांच किलोमीटर तक नहीं जा रही हैं। बसों के गंतव्य तक नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश से ब्यास नदी सहित अन्य सहायक नदी नालों को जलस्तर उफान पर है। इसके लिए जिला प्रशासन ने लोगों व सैलानियों को नदी नालों के आसपास न जाने की हिदायत दी है। सरवरी खड्ड के अलावा पार्वती, सैंज, तीर्थन नदी नालों का जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि बारिश से किसी तरह के नुकसान का समाचार नहीं है, लेकिन घाटी में कृषि व बागवानी प्रभावित हो रही है। सेब के बगीचों में स्प्रे का कार्य नहीं हो रहा है तो वहीं लहसुन व रबी की फसल को भी नुकसान पहुंच रहा है। डीसी कुल्लू युनूस ने कहा कि बारिश से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। मौसम को देखते हुए पर्यटक नदी नालों के आसपास न जाएं।