तीरंदाजी में संजय केवग ने मारी बाजी
शाशिन गांव में तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। एडवेंचर स्पोर्ट्स और टूरिज्म सोसाइटी सिस्सू के सौजन्य से शाशिन गांव में तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया। जिसमें तीरंदाजी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षक का केंद्र रही है। जिसमें कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में संजय केवग ने 84 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं नरेश मिरूपा ने 80 अंक हासिल दूसरा स्थान लिया। इस दौरान क्रिकेट प्रतियोगिता भी हुई और सिस्सू एकादश ने हुड़दंग एकादश को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इनडोर खेलों में केरम के डबल मुकाबले में जगदीश और मेहर चंद ने बाजी मारी है। टेबल टेनिस के एकल में कुशाल थोरंग ने जीत दर्ज की तथा डबल में नरेश और रमेश जीते हैं। सोसाइटी के प्रधान मनोज मिरूपा और सचिव राजन मिरुपा ने बताया कि रोहतांग टनल खुलने के बाद इस इलाके में टूरिज्म की आपार संभावनाओं को देखते हुए यहां के युवाओं ने कमर कस ली है। खेल के दौरान प्रतिभागियों को भोजन और रहने की भी व्यवस्था की जाती है। सरकार और प्रशासन द्वारा इस तरह की साहसिक खेलों के लिए अभी तक किसी तरह की वित्तीय सहायता नहीं दी जा रही है। इस दौरान स्थानीय स्कूल के प्रिंसिपल बलवंत बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए और विजेताओं को इनाम बांटे। इस अवसर पर एलपीएस के चेयरमैन कमल सिंह, सिस्सू पंचायत केपूर्व प्रधान टाशी राम व जगदीश कटोच आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।