कुल्लू। कोरोना काल के चलते मंडी लोकसभा उपचुनाव की रैलियों में लोगों की संख्या को चुनाव आयोग ने सीमित कर दिया है। चुनाव प्रचार में स्टार प्रचारक की रैली में मात्र एक हजार लोगों के आने की अनुमति होगी। वहीं नामांकन के दौरान किसी प्रकार के जुलूस पर प्रतिबंध है। इंडोर जनसभा में सभागार की क्षमता का 30 प्रतिशत अथवा अधिकतम 200 व्यक्तियों की अनुमति होगी। आउटडोर जनसभा के लिए सभा स्थल की 50 प्रतिशत क्षमता अथवा 500 लोगों के एकत्र होने की अनुमति होगी। वहीं चुनाव प्रचार के दौरान किसी प्रकार का रोड शो अथवा मोटर बाइक शो नहीं किया जा सकेगा। स्ट्रीट शो में 50 से ज्यादा लोग एकत्र नहीं हो सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि चुनाव में उम्मीदवारों के डोर टू डोर प्रचार में केवल पांच लोग ही एक साथ एकत्र हो सकते हैं। मतदान से 72 घंटे पहले प्रचार थम जाएगा। आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।