थुरल (कांगड़ा)। पुलिस थाना भवारना के तहत ढाटी क्षेत्र में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अरुण कुमार (32) निवासी गांव गरला तहसील पालमपुर के रूप में हुई है। एएसपी बीर बहादुर ने बताया कि अरुण कुमार का बाजू ट्रैक्टर में गेहूं की थ्रेसिंग करते समय मशीन में आ गया, जिससे वह घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पालमपुर लाया गया, जहां उसकी एमएलसी प्राप्त की गई। घायल अरुण कुमार ने पुलिस को प्रारंभिक बयान में बताया कि यह हादसा काम करते समय हुआ और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की कोई गलती नहीं है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है। घायल के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसके बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।