औद्योगिक क्षेत्र चनौर में एक उद्योग में वेतन न मिलने पर गेट पर खड़े श्रमिक। स्रोत: पाठक
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र चनौर में स्थित एक उद्योग के श्रमिकों ने प्रबंधन पर आठ माह से वेतन न देने का आरोप लगाया है। मंगलवार को वेतन न मिलने के विरोध में श्रमिकों ने उद्योग के गेट पर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दिया। श्रमिक श्रवण कुमार और अमित ने बताया कि प्रबंधन ने 31 मार्च को भुगतान का भरोसा दिलाया था। मगर अब सभी अधिकारी सामान समेट कर जा चुके हैं। वेतन के बारे में बात करने पर किसी से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। श्रमिक रिंपी ने बताया कि पिछले साल जून में उन्हें पगार नहीं मिली। अगस्त तक तीन-चार किस्तों में उन्हें भुगतान किया गया, लेकिन अगस्त के बाद आज तक उन्हें एक बार भी वेतन नहीं मिला है। प्रबंधन उन्हें आज-कल कर लगातार टाल रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है कि इस मामले में दखल देकर उन्हें न्याय दिलाया जाए।