मुल्थान (कांगड़ा)। छोटा भंगाल के मुल्थान से 37 किलोमीटर दूर ऊहल नदी पर लकड़ी से बना पुल भारी बारिश के कारण बह गया है, जिससे राज गुंधा, बड़ा भंगाल के लोगों का संपर्क कट गया है। लकड़ी के पुल से बड़ा भंगाल के लोगों का राशन और भेड़पालकों का आना-जाना होता था। कोठीकोढ़ हलका पटवारी कंचन ने बताया कि यह पुल जून-जुलाई में प्रशासन व स्थानीय लोगों की ओर से बनाया गया था। पटवारी ने कहा कि इस के साथ थोड़ी दूर एक छोटी पुली भी बह गई है। बदांग की प्रधान चंद्रमणि, पूर्व प्रधान मंगत राम ने कहा कि कुछ दिन में सैकड़ों भेड़पालक बड़ा भंगाल से भेड़-बकरियों के साथ आना शुरू हो जाएंगे। प्रधान ने कहा कि जब पानी कम होता है तो नदी से लोग व घोड़े आर-पार हो जाते हैं। पटवारी ने इस की रिपोर्ट मुल्थान तहसील कार्यालय को दे दी है। उधर, विधायक मुलख राज प्रेमी ने कहा कि विभाग को पुल बनाने के आदेश कर दिए हैं।