धर्मशाला। जिले में वीरवार को हुई भारी बारिश के बाद शुक्रवार को धूप खिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। बारिश से खेतों में काटकर रखी धान की फसल भीग गई थी। शुक्रवार को मौसम साफ होते ही किसान फसल को फैलाकर सुखाने में जुट गए, ताकि नमी के कारण अनाज खराब न हो और गुणवत्ता बनी रहे। धूप खिलने से तापमान में भी बढ़ोतरी हुई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि, सुबह और शाम ठंड का असर बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इससे किसानों को धान की कटाई और थ्रेसिंग करने में मदद मिलेगी। ब्यूरो