धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला की पंतेहड़ पासू पंचायत के वार्ड पांच में मांझी खड्ड में बहे पुल का निर्माण कार्य दो दिन में शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इसको लेकर पंचायत के वार्ड पंच स्वरूप कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर चेतवानी दी है। साथ वार्ड में चुनाव संबंधी कोई भी गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान पंचायत वार्ड सदस्य और ग्रामीणों ने उपायुक्त को पुल न बनने से आ रही समस्याओं से भी अवगत करवाया और उपायुक्त को लिखित में मांग पत्र भी सौंपा।
ग्रामीणों में सर्वजीत, राकेश कुमार, शेर सिंह, होशियार सिंह, मुकेश और सुरेंद्र ने बताया कि 12 जुलाई, 2021 को मांझी खड्ड में आई बाढ़ में पुल बह गया था। जिसके बाद आज तक इस पुल का निर्माण नहीं हो पाया है। इस पुल का लाभ चार पंचायतों के लोग उठाते हैं। इन पंचायतों में पंतेहड़ पासू, शिल्ला, ढगवार और मनेड शामिल हैं। लेकिन पुल न होने से अब उन्हें कई परेशानियां पेश आ रही हैं। वहीं बार-बार नेताओं और प्रशासन से गुहार लगाने के बाद पिछले वर्ष पुल निर्माण कार्य शुरू हुआ था। जो भी पिछले तीन माह से बंद पड़ा है। पुल का निर्माण कर रहे संबंधित ठेकेदार ने उन्हें आश्वासन दिया था कि बरसात आने से पहले मई माह में पुल बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। लेकिन अब पुल निर्माण कार्य ही बंद पड़ा है। अब बरसात का मौसम फिर से नजदीक आने वाला है और ऐसे में ग्रामीणों को कई समस्याओं से दो-चार होना पड़ेगा। लोगों को पुल न होने की वजह से अतिरिक्त सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
इस मौके पर उपायुक्त हेमराज बैरवा ने ग्रामीणों को कहा कि जल्द ही पुल का रूका कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। वहीं, सभी लोग लोकतंत्र के पर्व में अपने मतदान का प्रयोग कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार भी बनेंगे।