कांगड़ा। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन विजय वर्मा ने बताया कि बारिश और भूस्खलन से मंडल में लगभग एक करोड़ का नुकसान हुआ है। ग्यारह सड़कें बंद हुई थीं। इनमें नौ को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। निफ्ट सेंटर छेब के पास लैंड स्लाइड होने से भवन को खतरा पैदा हो गया है। रानीताल 32 मील सड़क पर कई जगह रिटेनिंग वॉल टूट गई हैं। पहाड़ियां दरकने से सड़क को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पुराना कांगड़ा वोहड़कवलू सड़क पर भी कई जगह रिटेनिंग वाल क्षतिग्रस्त हुई है। पेड़ और मलबा गिरने से बंद हुए मार्ग को बहाल कर दिया गया है। कनिष्ठ अभियंता को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के आदेश जारी किए हैं।