जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर क्षेत्र के पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात को भारी बारिश के बाद फोरलेन की निर्माणाधीन पुलिया से पानी लोगों के घरों में घुस गया। इस स्थिति ने आधी रात को राजा के बाग क्षेत्र में अफरातफरी मचा दी। फोरलेन निर्माण कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए रविवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कंपनी की धीमी गति और असंतोषजनक कामकाज के कारण उनके घरों में पानी का सैलाब आया, जिससे चार-पांच फीट तक पानी और मलबा उनके घरों में भर गया।
उन्होंने यह भी कहा कि फोरलेन निर्माण कंपनी और प्रशासन को पहले ही इस समस्या की जानकारी दी गई थी, लेकिन उचित कदम नहीं उठाए गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह पानी उफनकर आया, वहां सर्विसलेन का कार्य चल रहा था और नाले के पानी को बाहर निकालने के लिए डाले गए पाइप नाले का सैलाब सहन नहीं कर पाए।
प्रशासन ने माना, छोटे आकार के डाल दिए पाइप,
एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सर्विस लाइन के नीचे डाले गए पाइप का साइज छोटा था, जिससे ब्लॉकेज हो रही थी और पानी घरों में घुस गया। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निर्देश दिया है कि समस्या का समाधान किया जाए और पाइप को ठीक किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों। पटवारी भी मौके पर जाकर प्रभावित लोगों के नुकसान का जायजा ले रहे हैं और उन्हें जल्द राहत प्रदान की जाएगी।