क्रशर सामग्री पर टैक्स के विरोध में भड़के वाहन मालिक
चक्की पुल पर पंजाब सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
डमटाल (कांगड़ा)। हिमाचल-पंजाब सीमा के तहत चक्की पुल पर वीरवार को क्रशर सामग्री लेकर जाने वाले वाहन मालिकों ने पंजाब सरकार की ओर से लगाए गए टैक्स के विरोध में प्रदर्शन किया। वाहन मालिकों चुन्नी प्रधान, गोल्डी लंबरदार, विक्की सिंह, अजय कुमार सहित अन्य ने कहा कि हिमाचल से पंजाब जाने वाली क्रशर सामग्री पर 1000 से लेकर 3000 रुपये तक का टैक्स लगा दिया गया है। इसमें ट्रैक्टर पर 1000 रुपये, सिंगल एक्सेल वाहन पर 1500 और मल्टी एक्सेल वाहन पर 3000 रुपये तक का टैक्स लगा दिया गया है। इन आदेशों के विरोध में क्रशर सामग्री ले जाने वाले वाहन मालिकों ने पंजाब सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को इस टैक्स को लगाने से पहले मोहलत और लोगों को उचित तरीके से जानकारी देनी चाहिए थी। अब हर चक्कर में ट्राली और मल्टी एक्सेल वाहन को 1000 से 3000 रुपये देने पड़ रहे हैं जिससे सीधा जनता की जेब पर बोझ पड़ेगा। हिमाचल से जीएसटी बिल के साथ-साथ माइनिंग फार्म भी लेकर आते हैं, लेकिन जीएसटी बिल का कोई अर्थ नहीं रह जाता है। प्रदर्शन कर रहे वाहन मालिकों ने पंजाब सरकार से इस टैक्स को जल्द वापस करने की मांग उठाई। संवाद