इंदौरा (कांगड़ा)। पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत पठानकोट-डमटाल नेशनल हाईवे-44 के किनारे बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हाईवे से गुजर रहे एक अज्ञात व्यक्ति ने सड़क के किनारे व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़े हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 28 से 31 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। मृतक ने स्लेटी रंग की हुड, सफेद रंग की काली धारीदार चेकदार कमीज, सफेद बनियान, काला पायजामा और भूरे रंग के लेदर के जूते पहन रखे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नूरपुर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए शवगृह नूरपुर में रखा है। घटना की पुष्टि डीएसपी संजीव यादव ने की है। संवाद