कांगड़ा। नगर परिषद मैदान में आयोजित थ्री ऑन थ्री बास्केटबाल प्रतियोगिता में लड़कों के वर्ग में ऊना कॉलेज विजेता रहा। फाइनल मैच डीएवी कालेज कांगड़ा और ऊना कॉलेज के मध्य खेला गया। ऊना की टीम ने डीएवी कांगड़ा को छह अंकों से पराजित कर दिया। डीएवी कांगड़ा और ऊना टीम का स्कोर 10-16 रहा। वहीं, लड़कियों की टीम में डीएवी कॉलेज कांगड़ा ने मंडी काॅलेज को दो अंकों से शिकस्त दे दी। प्रतियोगिता का शुभारंभ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने किया। बास्केटबाल संघ के महासचिव मुनीष शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड और बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष सुशील विशेष रूप से मौजूद रहे। मुनीष शर्मा ने इस मौके पर इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए सरकार से बजट का प्रावधान करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में इंडोर स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को आधुनिक खेल ढांचे को जानने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम के लिए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी ने 10 लाख रुपये धनराशि मिली है। वहीं, अजय वर्मा ने इंडोर स्टेडियम के लिए दो लाख रुपये सरकार की ओर से दिलवाने की घोषणा की। संवाद