ज्वालामुखी(कांगड़ा)। ज्वालामुखी से खुंडियां मार्ग पर नागनी माता मंदिर के पास एक कार सड़क पर मिट्टी में स्किड होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार दो लोगों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना में घायल कुलदीप राणा जो हिमाचली गायक एवं प्रवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने बेटे शुभम राणा के साथ कार में जा रहे थे कि नागनी माता मंदिर के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे उनके बेटे को चोटें आई हैं। इसके अलावा उनकी कार का नुकसान हुआ है । कुलदीप राणा ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खुंडियां हुकुमचंद से शिकायत में कहा है कि लोक निर्माण विभाग इतना गरीब विभाग कैसे हो गया कि गड्डों को भरने के लिए मिट्टी की भरपाई हो रही है। इस संदर्भ में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अजय शर्मा ने कहा कि उनको इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। वे जानकारी मिलने पर ही कुछ कह सकते हैं।