धर्मशाला। जिला कांगड़ा में पंचायती राज संस्थाओं के तहत डेढ़ वर्ष के कार्यकाल के लिए 29 सितंबर को होने उपचुनाव के तहत दो उपप्रधानों सहित 26 वार्ड सदस्यों को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। अब जिले में एक पंचायती समिति सदस्य और 12 के करीब वार्ड सदस्यों के पदों के लिए चुनाव होंगे। अगर 18 सितंबर को नामांकन पत्र वापसी के दौरान कोई भी नामांकन वापस नहीं हुआ तो जिले में 29 सितंबर को इन्हीं पदों पर मतदान प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा में पंचायतों में रिक्त हुए 41 पदों के लिए 29 सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए 11 से 13 सितंबर तक नामांकन पत्र भरे गए। इस दौरान 63 लोगों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं, अब 18 सितंबर को सुबह 10 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद ही स्थिति साफ होगी कि कितने लोग मैदान में हैं। अब तक निर्विरोध दो उपप्रधान इंदौरा के सिरत और बैजनाथ के स्पैई ग्राम पंचायत से चुने गए हैं। इसके अलावा 26 वार्ड सदस्यों को भी निर्विरोध चुन लिया गया है।
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि पंचायत उपचुनाव के नामांकन प्रक्रिया के चलते 63 आवेदन पहुंचे हैं, जिनका सोमवार को छंटनी की गई है, जिसमें किसी प्रकार की कोई त्रुटि नहीं पाई गई है।