अप्पर कलोहा में सड़क पर पलटा दूध के क्रेट्स से भरा ट्रक।
रक्कड़ (कांगड़ा)। पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत पड़ते अप्पर कलोहा में नादौन-अंंब एनएच-03 पर अचानक एक दूध के क्रेट्स से भरा ट्रक पलट गया। इस सड़क दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। ट्रक अंब से आ रहा था और कलोहा की तरफ जा रहा था कि अचानक तीखे मोड़ पर पलट गया। ट्रक पलटने से उसमें रखे दूध के पैकेट भी फट गए और दूध रास्ते में बिखर गया।
सूचना के मुताबिक ट्रक के पीछे लगी बॉडी की अचानक वेल्डिंग टूट गई, जिससे यह हादसा हो गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक और उसके पीछे लगी बॉडी बिलकुल अलग हो गए थे। जानकारी मिलते ही मौके पर रक्कड़ पुलिस से एएसआई इल्मदीन अपने दल बल सहित पहुंचे, जहां उन्होंने जेसीबी की मदद से ट्रक को साइड करवाया और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करवाया।