जसूर(कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर की बरंडा पंचायत में पेड़ों के कथित अवैध कटान का मामला सामने आया है। इस कटान के बारे में स्थानीय निवासी स्वर्ण सिंह की ओर से इसकी शिकायत वन विभाग और नूरपुर प्रशासन से की गई है। शिकायत में बताया गया है कि बिना निशानदेही और नियमों को ताक पर रखते हुए इन पेड़ों का बड़ी संख्या में कटान किया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कटान की शिकायत पर मौका नूरपुर वन विभाग द्वारा देखा गया है, लेकिन इस पर क्या कार्रवाई हुई, अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह कथित कटान करीब एक माह पहले किया गया था और काटे गए पेड़ों में शीशम, पीपल, आम और तुहनू आदि के वृक्ष शामिल हैं। करीब 10 ट्रक माल अभी तक यहां से ढोया जा चुका है और काफी मात्रा में अभी तक यहीं पड़ा है। स्थानीय लोगों द्वारा सरकार से मांग की गई है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर तथ्यों का पता लगाया जाए और निशानदेही प्रक्रिया के लिए स्थानीय स्टाफ को शामिल न किया जाए।
निशानदेही में छह वृक्षों का सरकारी भूमि और बाकी निजी भूमि से कटान हुआ है। निशानदेही बाहरी जिलों से संबंधित विभागीय अधिकारी द्वारा की गई है। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
-अमित शर्मा, डीएफओ वन मंडल, नूरपुर