जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने जसूर के बोड़ में हुई बाइक दुर्घटना के दौरान हादसे के शिकार दो युवकों की मौत में ट्रैक्टर चालक सन्नी को गिरफ्तार किया है, वहीं ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि कुछ दिन पहले रात को नूरपुर के बोड़ में हुए एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। इसमें मोटर साइकिल सवार अंकित चौधरी (20) और सौरभ चौधरी (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार दोनों युवक जसूर से नूरपुर भुगनाड़ा अपने घर की तरफ आ रहे थे, तभी ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।