नगरोटा सूरियां/बरियाल (कांगड़ा)। राजकीय महाविद्यालय नगरोटा सूरियां में तीन वर्षीय पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग विषय चलाने की मांग उठाई है। इसका प्रस्ताव प्रदेश सरकार को कॉलेज प्रशासन की ओर से भेजा है। यह बात स्वदेश दर्शन 2.0 की डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कमेटी और कॉलेज की उच्च शिक्षा संस्थान समिति के सदस्य डॉ. एचएल धीमान ने बुधवार को कही। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हिमाचल प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी और पौंग झील क्षेत्र को स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत एक टूरिस्ट हब बनाने की ठानी है, उससे क्षेत्र में सैलानियों के साथ रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत खब्बल और नगरोटा सूरियां में करीब 29 करोड़ की लागत से विभिन्न तरह की पर्यटन गतिविधियां करने की डीपीआर सरकार ने केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार को मंजूरी के लिए भेजी है। इससे तकरीबन 200 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलने की संभावना है। ऐसे में युवा शक्ति के कौशल को पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी में विकास करना समय की जरूरत है।