बैजनाथ (कांगड़ा)। भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय के तहत मल्टी विजन फाउंडेशन अलो मनाली की ओर से सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य बैजनाथ के मंदिर के इतिहास और संस्कृति के बारे में महिलाओं को विस्तारपूर्वक बताना था। इस सामाजिक कार्यक्रम की अध्यक्षता एससी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र बिट्टू ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं सीपीएस किशोरी लाल उपस्थित रहे।
संस्था के निदेशक अनिल सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम एकल नारी शक्ति संगठन के सहयोग से किया गया है। अनिल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को बैजनाथ मंदिर के इतिहास, पुरानी पांडुलिपियों, साहित्य, कला, सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन और विकास की गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। रविंद्र बिट्टू ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम हिमाचल में रहते हैं। वहीं, मुख्य अतिथि किशोरी लाल ने कहा कि नारियों को इस प्रकार के कार्यक्रम होने से उनके ज्ञान में वृद्धि होती है। उन्होंने बैजनाथ मंदिर के इतिहास के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की। इस मौके पर राजेंद्र ठाकुर, राधा, पूजा मान, तृप्ति और महिलाएं उपस्थित रहीं।