शाहपुर (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के द्रमण में बुधवार रात दो कपड़े की दुकानों के ताले तोड़ चोर लाखों के कपड़े ले उड़े हैं। पुलिस चौकी सिहुंता ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदार रूपलाल पुत्र मिल्खी राम निवासी बलाना ने बताया कि उनकी द्रमण में सिहुंता रोड पर कपड़े की दुकान है। वह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे।
सुबह पास वाले दुकानदार का फोन आया कि आपकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। दुकान आकार जांच की गई तो दुकान से लगभग एक लाख के कपड़े चोरी हो गए हैं। रूपलाल ने बताया कि उनकी दुकान के पास एक हफ्ता पहले भी चोरी हुई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
वहीं, दूसरे मामले में बलवीर सिंह पुत्र रमेश सिंह ने बताया कि उनकी द्रमण में सिहुंता रोड पर कपड़े की दुकान है। रात को चोरों ने दुकान के दोनों ताले तोड़कर कपड़े चोरी कर लिए हैं। उनकी दुकान से लगभग ढाई लाख के कपड़े चोरी हो गए हैं। वहीं, मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार की रात द्रमण में सिहुंता रोड पर दो कपड़े की दुकानों में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।