मझोला (पीलीभीत)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के मझोला में कांगड़ा जिला के व्यक्ति के मकान में चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना मझोला की ग्रीन सिटी कॉलोनी की है। कांगड़ा के विजय कुमार कुशवाहा नगर में एक मॉल का निर्माण करा रहे हैं। वह कॉलोनी में ही मकान बनाकर रहते हैं। करीब एक महीने पहले वह मां का उपचार कराने के लिए बाहर गए थे। मकान में ताला लगा था। बुधवार सुबह टहलने निकले पड़ोस के लोगों ने दरवाजे का ताला और खिड़की टूटी देखी। शक होने पर मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। मझोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। आरोप है कि चोर करीब ढाई लाख रुपये कीमत का काॅपर तार चोरी कर ले गए। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांचने पर तीन चोर बाहर जाते नजर आए। न्यूरिया थाना प्रभारी रूपा बिष्ट ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।