धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के पासू में आधा-अधूरा ओबीसी भवन अपनी बदहाली के आंसू बहा रहा है। सालों से यह अधूरा ओबीसी भवन राजनीति का शिकार हो रहा है। अभी तक भवन के नाम पर केवल पिलरों का ढांचा खड़ा है। कई सरकारें आई और गईं, लेकिन आज दिन तक किसी भी सरकार ने इस अधूरे कार्य को पूरा कर लोगों को किसी प्रकार की कोई सहूलियत प्रदान नहीं की है। धर्मशाला हलके में ओबीसी का वोट बैंक सबसे अधिक होने के बाद भी ओबीसी भवन की अनदेखी की जा रही है। अब यह पिलरों का ढांचा अनदेखी के कारण खंडहर बनने के कगार पर पहुंच गया है।
यहां पर केवल झाड़ियों का ही कब्जा रह गया है। अधूरा ओबीसी भवन केवल हास्य का पात्र बन कर रह गया है। 12 जुलाई, 2021 को मांझी खड्ड में आई बाढ़ के कारण इस अधूरा भवन के एक हिस्से की जमीन बाढ़ की भेंट चढ़ गई है और मिट्टी बहने के कारण इसकी नींव दिखने लगी। इस अधूरे भवन का कार्य पूरा न होने से लोगों में भारी रोष है। जानकारी के अनुसार धर्मशाला की पासू पंचायत में करीब आठ सालों से बन रहा ओबीसी भवन अभी तक तैयार नहीं हो पाया है। प्रस्तावित भवन में एक बड़ा हाल और 10 के करीब कमरे बनने थे।
भवन के लिए लोगों की मांग को देखते हुए पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने 40 लाख रुपये और पूर्व जिला परिषद सदस्य हरभजन सिंह ने करीब 10 लाख रुपये मुहैया करवाए थे, लेकिन भवन के लिए बजट का उचित प्रावधान न होने के कारण व पैसों की कमी के कारण यह भवन पिलरों से ऊपर नहीं उठ पाया है। ग्रामीणों में सुरेश कुमार, सवरूप, अरविंद, पंकज, निशांत, सुनील, साइलेश, सर्वजीत, विशाल और संदीप आदि ने कहा कि सरकारों ने केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम किया है। अगर इस भवन की ऐसे की अनदेखी होती रही है और ग्रामीण हर बार चुनाव का बहिष्कार करेंगे और किसी भी नेता को अपने क्षेत्रों में नहीं आने देंगे।
- धर्मशाला की पासू पंचायत में निर्माणाधीन ओबीसी भवन का कार्य पूरा करना प्राथमिकता है। चुनाव जीतने के बाद ओबीसी भवन के लिए बजट का प्रावधान कर इसका कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि समुदाय के लोगों को इसका लाभ मिल सके। - सुधीर शर्मा, भाजपा प्रत्याशी, विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला
अधूरे ओबीसी भवन के निर्माण का काम जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। सरकार से भवन के लिए बजट की मांग की जाएगी। इसके अलावा साथ में पासू सब्जी मंडी को भी शुरू करवा दिया जाएगा और चरान स्थित सब्जी मंडी को भी पासू में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
देवेंद्र जग्गी, कांग्रेस प्रत्याशी, विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला