नूरपुर में आयोजित अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ में उपस्थित पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : Kangra
जसूर(कांगड़ा)। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) को जल्द बहाल करने की मांग उठाई है। इस संबंध में महासंघ की बैठक जिला अध्यक्ष अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में नूरपुर में हुई।
बैठक में स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, अध्यापक संघ, आशा वर्कर्स, आईपीएच विभाग, बिजली बोर्ड, ग्रामीण पंचायत विभागों के अलावा अनेक विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में कर्मचारियों के अलावा एनपीएस और आउटसोर्स कर्मचारियों को आ रही समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई। संघ के नूरपुर अध्यक्ष राजेश सहोत्रा ने बताया कि बैठक में इस बात पर चिंतन किया गया कि अगर सरकार ने ओपीएस बहाल नहीं की तो आने वाले समय में कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बैठक में करुणामूलक आधार पर लगे कर्मचारियों को वतन न मिलने पर सरकार से जल्द वेतन देने की मांग की गई।
कार्यक्रम में मौजूद आशा वर्कर्स ने मानदेय बढ़ाने के लिए जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। आशा वर्कर्स ने उम्मीद जताई है कि सरकार हर वर्ग के कर्मचारी का ध्यान जरूर रखेगी। बैठक में नूरपुर ब्लॉक के उपप्रधान ओंकार धीमान, महासचिव पुरषोत्तम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।