बीएड काॅलेज धर्मशाला में पारितोषिक वितरण समारोह की धूम
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। राजकीय बीएड काॅलेज धर्मशाला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इसमें प्रशिक्षुओं ने नेपाली नृत्य, सामूहिक गीत, गजल-गीत जैसी एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं। द्वितीय सत्र की प्रशिक्षु अध्यापिका तमन्ना ने अपनी सुरीली आवाज में भजन प्रस्तुत किया। इसी क्रम में द्वितीय सत्र की प्रशिक्षु अध्यापिका अर्पणा ने मनमोहक गजल का गुलदस्ता प्रस्तुत कर सबकी वाहवाही लूटी तो अमीषा ने नेपाली नृत्य प्रस्तुत कर हर किसी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर लगभग 200 से भी अधिक पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के तृतीय सत्र के परिणाम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनुप्रिया और मान्या शर्मा को सम्मानित किया गया। आरजू वर्मा, शिवानी, पवन और अभिषेक को द्वितीय स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया। प्रशिक्षुओं ने ‘ए मेरे वतन के लोगो’ देशभक्ति गीत के माध्यम से देशभक्ति का संचार कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रो. प्रीति प्रभा ने प्राचार्या एवं समस्त महाविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए समस्त सहयोगी सदस्यों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. आरती वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डॉ. चारू शर्मा बतौर विशिष्टातिथि उपस्थित रहीं। प्राचार्या ने महाविद्यालय की समस्त उपलब्धियों एवं विकास के लिए महाविद्यालय के समस्त परिवार एवं पुरस्कार प्राप्त करने वाले समस्त प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देकर उत्साहवर्धन किया।