पालमपुर (कांगड़ा)। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने वीरवार को अपना 90वां जन्मदिन मनाया। खुशी के माहौल और कार्यकर्ताओं के बीच शांता कुमार ने अपनी उम्र की बात का जिक्र करते हुए कहा कि एक ज्योतिषी ने उन्हें 72 साल के उम्र में ही मार दिया था। हस्त और ज्योतिष विद्या पर अधिक विश्वास न कर अपने कर्म पर विश्वास करने वाले शांता कुमार ने इस बात कर जिक्र करते हुए कहा कि एक बार उनके दोस्त उन्हें एक ज्योतिषी के पास ले गए थे। उनकी उम्र तब करीब 40 साल होगी।
सबसे बात कर जब ज्योतिषी ने उनका हाथ देखा तो कहा कि आपकी उम्र बहुत लंबी होगी। बकौल शांता, जब ज्योतिषी से पूछा कि कितनी उम्र होगी तो ज्योतिषी ने उन्हें कहा था कि आपकी उम्र ठीक 72 साल होगी। ज्योतिषी की यह बात सुन कर वह बहुत खुश हुए थे कि अभी 32 साल जीवन के और पड़े हैं। वह यह सोच कर ही खुश थे, लेकिन घर आकर उन्होंने यह बात अपनी पत्नी से भी नहीं बताई थी कि ज्योतिषी ने उनकी उम्र 72 साल बताई है। जीवन की गाड़ी चलती रही, राजनीति के व्यस्तता में पता ही नहीं चला कि 72 साल की उम्र कब बीत गई। 72 साल पूरे होने के बाद उन्होंने ज्योतिषी की बात अपनी पत्नी को बताई थी। आज वह 90 साल के पूरे हो गए, लेकिन उन्हें ज्योतिषी की वह बात आज भी नहीं भूली है। शांता ने कहा कि तंदुरुस्त रहने की योग की सबसे बड़ी दवाई है।
मित्र को देख भावुक हुए शांता
हल्दर कौना (गढ़) से शांता कुमार के जन्मदिन पर बधाई देने पहुंचे संसार चंद गुलेरिया को देख शांता कुमार भावुक हो गए। संसार चंद गुलेरिया और शांता कुमार गढ़ के स्कूल में सहपाठी रहे हैं। दोनों का बचपन करीब एक साथ ही बीता है। संसार चंद गुलेरिया शांता कुमार से तीन माह बड़े हैं, लेकिन वह भी शांता कुमार की तरह आज भी तंदुरुस्त है। दोनों मिल कर कुछ पिछली भावनाओं में बह गए। इस बीच उन्होंने कुछ बात का जिक्र किया।
धूमल, प्रतिभा समेत कई नेताओं ने फोन पर दी बधाई
शांता कुमार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, पूर्व मंत्री रमेश धवाला, पूर्व विधायक रविंद्र धीमान समेत अन्य कई नेताओं और कार्यकर्ताओं फोन पर बधाई धी। विपिन परमार शिमला में होने के कारण शांता के घर नहीं आ सके। जबकि सांसद राजीव भारद्वाज, सीपीएस आशीष बुटेल, प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, टी बोर्ड ऑफ इंडिया के सदस्य विनय शर्मा, इन्नर व्हील की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, भाजपा नेता अरविंद शर्मा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य तनु शर्मा, मंडल अध्यक्ष पालमपुर सुरेंद्र ठाकुर समेत कई पदाधिकारियों ने घर आकर शांता कुमार को बधाई दी। इस बीच शांता कुमार नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलते रहे।