सुलह (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र सुलह के तहत दैहण और रमेहड़ के दो गुटों में हुई लड़ाई में गिरफ्तार किए गए आरोपी युवकों को न्यायालय ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। मंगलवार को आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया था। रविवार को रमेहड़ पंचायत निवासी शेखर गांव में ही कहीं काम कर रहा था कि दैहण के ऋषि ने आकर वहां उसके साथ शराब के नशे में कहासुनी की थी। इसके बाद शेखर ने इसकी जानकारी अपने भाई अनुराग को दी और दोनों ने ऋषि के घर में जाकर ऋषि, मुनीश उसके पिता सुरेश और माता सरोज के साथ लड़ाई-झगड़ा किया। इसी दौरान दराट से सभी पर वार कर जख्मी कर दिया था। इस हमले से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। थाना प्रभारी भवारना गुरदेव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। संवाद