कोटला (कांगड़ा)। कोटला पुलिस टीम ने जून 2021 को कोटला से चोरी हुए टिपर को लुधियाना से बरामद कर लिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस चौकी कोटला के प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम लुधियाना से टिपर का सामान कैबिन, टैंकी और इंजन बरामद कर कोटला लेकर आ गई है। डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि जून 2021 में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटला के पास से टिपर चोरी हो गया था। इसकी शिकायत पुलिस थाना जवाली में दर्ज है। 7 जनवरी 2022 को नालागढ़ से एक ट्रक चोरी हुआ था, जिसमें जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था, जिसकी लोकेशन के आधार पर नालागढ़ पुलिस लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सैंटी मोटर स्टोर पर पहुंची और ट्रक को बरामद कर लिया। इसी सूचना के आधार पर कोटला पुलिस टीम वहां पर पहुंची। वहां पर गाड़ियों का अंबार लगा हुआ था। कोटला पुलिस के साथ गए चालक ने टिपर के कैबिन की पहचान कर ली और साथ ही टैंकी और इंजन की भी पहचान की। नालागढ़ पुलिस ने इस कार्य में संलिप्त सैंटी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने कबूल किया कि चोरी हुए ट्रक और टिपरों को अन्य लोगों के संपर्क से खरीदता था। जल्दी ही कोटला पुलिस टीम सैंटी को कोटला में लाकर अगली कार्रवाई करेगी।