धर्मशाला। नई कार खरीदने के कुछ माह में ही तकनीकी खराबी आने और इससे उपभोक्ता को हुई समस्या पर अब कार निर्माता कंपनी को 45 दिन में ग्राहक को 85 हजार रुपये बतौर मुआवजा देने होंगे। निर्धारित समयावधि के दौरान मुआवजा राशि नहीं दी गई तो 9 प्रतिशत ब्याज सहित यह राशि उपभोक्ता को देनी होगी। यह फैसला जिला उपभोक्ता आयोग धर्मशाला के अध्यक्ष हेमांशु मिश्रा, सदस्य आरती सूद वऔर नारायण ठाकुर की कोर्ट ने सुनाया गया।
आयोग के समक्ष वरुण शर्मा निवासी चड़ी तहसील शाहपुर ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा था कि 29 नवंबर, 2022 को उन्होंने घुरकड़ी स्थित वाहन कंपनी के अधिकृत डीलर से कार खरीदी थी। इस दौरान उन्होंने कार की कीमत के साथ इंश्योरेंस और रजिस्ट्रेशन के कुल 9.70 लाख रुपये दिए थे। इसके अलावा कार की असेसरीज पर 15 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च किए। कार खरीदने के बाद 16 फरवरी, 2023 को कुछ तकनीकी खराबी आ गई जिस पर उन्होंने सर्विस मैनेजर से संपर्क किया तो कार को सर्विस स्टेशन लाने को कहा और वह कार को स्टेशन ले गए।
उन्होंने कहा कि सर्विस स्टेशन में बताया गया कार के सॉफ्टवेयर की समस्या है और अपडेट करने पर समस्या ठीक हो जाएगी, लेकिन अपडेट प्रोसेस फेल हो गई और एक अन्य समस्या कार में आ गई। जिस पर उन्होंने कार को सर्विस स्टेशन में छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने 7 मार्च, 2023 को सर्विस स्टेशन में कार के बारे संपर्क किया तो कहा गया कि अभी यह रिपेयर होनी है। उन्होंने कार में तकनीकी खराबी और सेवा में कमी के आरोप लगाते हुए आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई। आयोग ने दोनों पक्षों के तथ्यों को जांचने के बाद शिकायत को मंजूर करते हुए ग्राहक को हुई समस्या के चलते यह फैसला सुनाया।