पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय की पुरुष बास्केटबॉल टीम शुक्रवार को नॉर्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालय बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए रवाना हो गई। छात्र कल्याण अधिकारी प्रो. जय देव ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रतियोगिता शुक्रवार से चार नवंबर तक पटियाला स्थित महाराजा भूपिंद्र सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में आयोजित होगी। पशु चिकित्सा रोग विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राकेश कुमार 12 सदस्यीय टीम के प्रबंधक के रूप में गए हैं। टीम में कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय से चार-चार खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय से तीन और आधारभूत विज्ञान महाविद्यालय से एक खिलाड़ी का चयन हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। संवाद