नगरोटा सूरियां-लंज सड़क मार्ग पर कोलतार बिछाते ठेकेदार के वर्कर। स्रोत : जागरूक पाठक
बरियाल/नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां-लंज सड़क के पुनर्निर्माण के बाद टारिंग का कार्य वीरवार से शुरू हो गया है। इस सड़क का पुनर्निर्माण आधुनिक एफडीआर तकनीक से किया गया है। सड़क के निर्माण से पौंग झील में जाने वाले पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। सड़क का टेंडर दिल्ली की कंपनी को अवार्ड हुआ है। कंपनी के इंजीनियर रवि ने बताया कि सड़क के प्रत्येक किलोमीटर पर 250 मिलीमीटर गड्ढा खोद कर मिट्टी का नमूना लेकर फरीदाबाद लैब में भेजा गया था। इसकी 56 दिन बाद लैब रिपोर्ट आने के बाद सड़क की मिट्टी को उखाड़कर आधुनिक तकनीक का केमिकल मिलाकर सड़क में बिछाकर लेवल किया गया। सड़क के इस निर्माण कार्य को बरसात शुरू होने से पहले ही पूरा कर लिया गया था और अब बरसात थमते ही कोलतार बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उधर, लोक निर्माण विभाग उपमंडल नगरोटा सूरियां के एसडीओ नरेंद्र राणा ने बताया कि कोलतार बिछाने से पहले बरसात के कारण जहां-जहां से सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, उसकी मरम्मत की गई। सड़क निर्माण के बाद पांच वर्ष तक इसके रखरखाव का जिम्मा कंपनी का रहेगा। संवाद