धर्मशाला। सिविल अस्पताल शाहपुर से टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर गर्भवती महिला का 108 एंबुलेंस स्टाफ ने गगल में सफल प्रसव करवाया। प्रसव पीड़ा में लपियाना की रितु देवी को शाहपुर सिविल अस्पताल में रविवार सुबह 11:00 बजे लाया गया और दोपहर बाद करीब 2:00 बजे चिकित्सकों ने महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जिला कांगड़ा 108 एंबुलेंस प्रभारी ईशान राणा ने बताया कि शाहपुर अस्पताल की 108 एंबुलेंस में तैनात ईएमटी हिमानी और चालक कुलविंद्र रितु देवी को लेकर टांडा की ओर निकल पड़े। इस दौरान गगल के पास प्रसव पीड़ा बढ़ने के कारण और मरीज की स्थिति देखते हुए स्टाफ ने एंबुलेंस में ही प्रसव करवाने का निर्णय लिया और सफलता पूर्वक प्रसव भी करवाया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सुरक्षित टांडा मेडिकल कॉलेज दाखिल करवाया।