धर्मशाला। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में हिमाचल प्रदेश की शिक्षा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार और राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परख-2024 में राज्य की उत्कृष्ट सफलता को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी सुधीर भाटिया को चार जिलों कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और ऊना में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश ने परख राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 2021 में 21वें स्थान पर रहने के बाद यह एक बड़ी छलांग है। राज्य ने कक्षा तीन स्तर पर दूसरा, कक्षा छह पर पांचवां और कक्षा नौ पर चौथा स्थान हासिल कर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार का प्रमाण दिया है। कांगड़ा जिले ने लगातार बेहतर परिणामों से राज्य की रैंकिंग को मजबूती दी। हमीरपुर ने गणित और विज्ञान विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ऊना जिले ने भाषा कौशल के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया। चंबा ने पिछड़े क्षेत्रों के बावजूद समग्र प्रगति से सबका ध्यान खींचा। इस अवसर पर सुधीर भाटिया ने कहा कि उन्हें शिक्षा क्षेत्र में योगदान देकर गर्व और संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।