परागपुर (कांगड़ा)। आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परागपुर में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में जिला कल्याण अधिकारी (ऊना) आवास पंडित मौजूद रहे। प्रधानाचार्य गगन सूद ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। इनमें झमाकड़ा की पारंपरिक धुन गूंजी और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। इसके बाद विद्यार्थियों ने भारत मां के सपूत हैं जैसे देशभक्ति गीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया। तने आंख में बसा लूं... जैसे गीतों पर पेश किए गए नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यातिथि ने कहा कि सफलता के लिए मोबाइल फोन के अनावश्यक मोह को त्यागना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी भी मानसिक दबाव में आए बिना अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। अंत में मुख्यातिथि ने शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। संवाद