नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। प्रदेश में 1 जून को अंतिम चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श चुनाव आचार संहिता की सख्ती से अनुपालना की जा रही है। सहायक निर्वाचन अधिकारी 15-नगरोटा बगवां मुनीष शर्मा ने बताया कि निष्पक्ष और स्वतंत्र निर्वाचन को सुनिश्चित बनाने के लिए विभिन्न निगरानी टीमों की ओर से आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन की कड़ाई से जांच पड़ताल की जा रही है।
चेकिंग के दौरान आज नगरोटा बगवां-पालमपुर विधानसभा सीमा पर 61 मील में पालमपुर की तरफ से नगरोटा आ रही कांगड़ा-चंबा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक प्रतिभा चौधरी (आईआरएस) की गाड़ी को भी टीम ने जांच के लिए रोका। सहायक निर्वाचन अधिकारी नगरोटा बगवां की इस टीम द्वारा की गई कार्रवाई पर व्यय पर्यवेक्षक प्रतिभा चौधरी ने खूब प्रशंसा की और चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्य को ईमानदारी से निभाने के निर्देश दिए। सहायक निर्वाचन अधिकारी मुनीश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में आगामी लोकसभा चुनावों को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से सम्पन्न करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील भी की जा रही है।
उधर, प्रतिभा चौधरी ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक कर लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश में लागू आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालना करवाने के भी आदेश दिए। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी नगरोटा मुनीश शर्मा, लाइसनिंग अधिकारी पूजा, इलेक्शन कानूनगो रामा सहित विभिन्न निगरानी टीमों के सदस्य और पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।