नगर निगम पालमपुर की बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर। संवाद
पालमपुर(कांगडा़)। सीपीएस आशीष बुटेल ने कहा कि नगर निगम पालमपुर के वार्डों में डार्क स्पॉट की पहचान कर यहां विद्युत संचालित स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, ताकि लोगों को सुविधा उपलब्ध हो सके। यह बात उन्होंने नगर निगम पालमपुर की बैठक में कही। यह बैठक महापौर गोपाल नाग की अध्यक्षता में हुई, जिसमें नगर निगम पालमपुर को लेकर विकास कार्यों पर चर्चा हुई।
बैठक का संचालन नगर निगम आयुक्त डॉ. आशीष शर्मा ने किया। इस दौरान आशीष बुटेल ने सभी पार्षदों से आग्रह किया कि पालमपुर निगम क्षेत्र में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने एवं शहर की सुंदरता एवं महत्व को बढ़ाने के लिए हम सभी को सामूहिक रूप में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में दो जलाशयों का भी निर्माण किया जाएगा। सीपीएस ने लावारिस पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी उचित कदम उठाने का आग्रह किया। निगम क्षेत्र में अमर शहीदों की स्मृतियों के स्थानों का भी सौंदर्यीकरण और निगम क्षेत्र के धार्मिक स्थानों का भी चरणबद्ध तरीके से जीर्णोद्धार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैठक में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों सहित निगम क्षेत्र के वार्डों में बरसात में हुए नुकसान के बाद किए गए कार्यों, सीताराम पार्क में बने फव्वारे, पुराने भवन के जीणोद्धार, सभी वार्डों के प्राकृतिक जल स्रोतों की जीर्णोद्धार, कूड़ा निष्पादन, नालों और खड्डों के तटीकरण, पार्क बनाने और स्ट्रीट वेंडर जोन बारे विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संतोषी माता चौक का विस्तार किया जाएगा ताकि यातायात सुगम रह सके। इस मौके पर करीब सभी पार्षद और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।