शाहपुर (कांगड़ा)। विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को रैत स्थित निजी पैलेस में पुरुषों एवं महिलाओं की दो दिवसीय राज्य स्तरीय पॉवर लिफ्टिंग बेंच प्रेस और डेड लिफ्ट चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मुख्यातिथि ने बताया कि पावर लिफ्टिंग की टीम को इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भेजने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। पठानिया ने खिलाड़ियों का शाहपुर विधानसभा में स्वागत करते हुए घोषणा की कि उनके रहने व खाने-पीने की व्यवस्था का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा सभी विभागों को अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एचपीपीए के संयुक्त सचिव ध्रुव सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया एवं प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में एचपीपीए के महासचिव अजीत सिंह, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद