धर्मशाला। एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने वाले एक व्यक्ति ने लालच में आकर 15 लाख रुपये डुबाे दिए। इस दौरान उसने जहां अपनी कमाई को ऑनलाइन शातिरों हाथों लुटाया, वहीं पत्नी की बचत को भी शातिरों को सौंप बैठा। टेलीग्राम पर घर बैठे पैसा कमाने के चक्कर में परागपुर का युवक ठगी का शिकार हुआ है।
साइबर थाना नार्थ जोन धर्मशाला में परागपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी पर मामला दर्ज करवाया है। साइबर पुलिस थाना में सौंपी अपनी शिकायत में व्यक्ति ने बताया है कि वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। इस दौरान उसे टेलीग्राम पर घर बैठे पैसे कमाने का मैसेज आया, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इस दौरान उसे ऑनलाइन टॉस्क बेस्ड कार्य दिया गया, जिसे उसने पहले चरण को पूरा कर लिया। इसके चलते उसके खाते में कुछ राशि आई और उसे एक अन्य टास्क दिया गया, जिसे भी उसने पूरा कर लिया। इस दौरान शातिरों ने पीड़ित के खाते में कुल करीब चार हजार रुपये की राशि डाली। इसके बाद उसे टास्क पर टास्क देते गए और टास्क पूरा होने पर उसकी कमाई राशि को देने की बात कहते गए। इसके चलते पीड़ित ने ऑनलाइन करीब 18 अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के माध्यम से शातिरों के खाते में 15,70,998 रुपये डाल दिए। वहीं, अपनी साथ ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर पुलिस थाना नार्थ जोन धर्मशाला में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
छानबीन के बाद ही करें पैसों का लेन-देन
एएसपी साइबर थाना धर्मशाला प्रवीन धीमान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक और व्यक्ति के खाते में पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर न करें। जब भी पैसों के लेन-देन की बात आए तो एक बार संबंधित व्यक्ति से जरूर संपर्क कर लें।