ज्वालामुखी मन्दिर में अष्टमी गुप्त नवरात्र पर पहुंचे श्रद्धालु।
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी में शनिवार को माघ मास की गुप्त नवरात्र के अष्टमी के दिन शनिवार को माता ज्वाला का विशेष पूजन किया गया और श्रद्धालुओं ने महालक्ष्मी पूजन और कन्या पूजन कर हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं।
गुप्त नवरात्र में अष्टमी के दिन ज्वालामुखी में श्रद्धालु जयकारे व भेंटें गाते हुए माता के दर्शनों को पहुंचे। माघ अष्टमी के गुप्त नवरात्र में शक्तिपीठ ज्वालामुखी में 51 पुजारी और ब्राह्मण विश्व शांति व कल्याण के लिए पूजा, जप और पाठ कर रहे हैं। नवमी के दिन महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। पुजारी महासभा प्रधान पुजारी अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि शक्तिपीठ ज्वालामुखी में गुप्त नवरात्र का विशेष महत्व है और अष्टमी के दिन श्रद्धालु व्रत करते हैं और कन्या पूजन कर हवन यज्ञ करते हैं। अष्टमी के दिन विशेष पूजा अर्चना माता ज्वाला की होती है। वर्ष में दो बार माघ और आषाढ़ माह में लगने वाले गुप्त नवरात्र विशेष फलदायी माने जाते हैं।