धीरा (कांगड़ा)। क्षेत्र की पंचायत नौरा के एसएसबी जवान प्रवीण कुमार की असम में हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। प्रवीण कुमार सशस्त्र सीमा बल की 64वीं बटालियन में ब्रह्मा कैंप होली असम में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उनके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मंगलवार को उनका नौरा गांव का उनका सैन्य सम्मान के साथ दाह संस्कार कर दिया गया। उनकी पार्थिव देह के साथ उनकी बटालियन के सब इंस्पेक्टर लोभी राम ने बताया कि हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार वहां मैस कमांडर की ड्यूटी भी निभा रहे थे और शनिवार जो नौ मार्च को रात 10 बजे अपनी ड्यूटी निभाकर सो गए, लेकिन 10 मार्च को सुबह जब बह नहीं उठे तो उन्हें उठाने के लिए कुछ लोग गए तो उन्हें बेहोशी की हालत में पाया। इस पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रवीण कुमार 13 दिसंबर, 1979 को पैदा हुए थे और जून 2002 में सशस्त्र सीमा बल में भर्ती हुए थे।
प्रवीण कुमार की पार्थिव देह सोमवार को सशस्त्र सीमा बल के केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान सपड़ी पहुंचाया गया। उसके बाद वहां से उनकी पार्थिव देह को पैतृक गांव नौरा लाया गया तथा मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक प्रवीण कुमार अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी एक बेटा और बेटी, एक भाई और बहन छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार में स्थानीय प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। सूचना के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से किसी अधिकारी का न पहुंचने से लोगों में रोष है।