धर्मशाला। धौलाधार की पहाड़ियों पर हुए सीजन के पहले हिमपात के कारण जिले में हल्की ठंड की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार देररात को शुरू हुआ हल्की बारिश का दौर मंगलवार सुबह 11 बजे तक जारी रहा। मंगलवार को हल्की ठंड होने के चलते लोगों को गर्म कपड़े पहनने को भी मजबूर होना पड़ा। साथ ही बारिश के कारण इंद्रुनाग पैराग्लाइडिंग साइट पर लगातार दूसरे दिन भी पैराग्लाइडिंग गतिविधियां नहीं हो पाईं। इसके चलते साहसिक खेलों के शौकीन मायूस दिखे। वहीं जिले में लगातार हो रही बारिश से नगदी फसलों की बिजाई के लिए किसानों को खासी परेशानी बनी हुई है। बारिश के चलते किसान गोभी, मूली, शलजम आदि सब्जियों की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से आगामी पांच दिनों तक पहाड़ों में हिमपात और मैदानी इलाकों के कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। धर्मशाला में बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा पालमपुर में 0.5 और कांगड़ा में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।