पंचरूखी समिति हाल में बैठक में उपस्थित पालमपुर के दुकानदार और अन्य। संवाद
पंचरुखी/पालमपुर (कांगड़ा)। पंचरुखी ब्लॉक समिति ने दुकानों के किराये को लेकर दुकानदारों के साथ चर्चा की। इस दौरान दुकानदारों ने सहमति जताते हुए कहा कि वे दुकानों का अधिक किराया देेने के लिए तैयार हैं, लेकिन दुकानों की हालत और उनका एरिया देख कर ही किराया बढ़ाया जाए। इस पर पंचरुखी समिति की कमेटी ने भी दुकानदारों की बात को मानते हुए जल्द दौरा कर किराया तय करने की बात कही है।
साथ ही दुकानों की रिपेयर की बात भी मान ली गई है।पालमपुर में पंचरुखी ब्लाॅक समिति की 43 दुकानें हैं। इसका दुकानदारों के पास करीब 2.70 लाख रुपये किराया फंसा है। इसमें बैठक में 40,000 रुपये की वसूली की गई, जबकि किराया न देने वाले दुकानदारों को एक सप्ताह का समय दिया गया। एक सप्ताह के अंदर पैसे जमा नहीं करवाए तो उन्हें दोबारा नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद किराया न आने पर समिति कानून कार्रवाई कर सकती है। उधर, पंचरुखी के बीडीओ केसर सिंह राणा ने बताया की पालमपुर के समिति के दुकानदारों ने समिति के फैसले किराया बढ़ाने की बात को मान लिया है। जल्दी बकाया पैसा जमा करवाने की बात कही है। ब्लॉक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि किराया न देने वाले दुकानदारों को दोबारा नोटिस दिया जाएगा।