धर्मशाला। बीते साल के मुकाबले इस बार धर्मशाला और मैक्लोडगंज में शुरुआती दौर में पर्यटन सीजन की धीमी शुरुआत हुई है। पर्यटन से जुड़े वर्ग की मानें तो बाजार हो या होटल कारोबार अभी तक सीजन की शुरुआत में काम मंदा ही चल रहा है। वहीं, साहसिक गतिविधि पैराग्लाइडिंग को भी इक्का-दुक्का पर्यटक ही पहुंच रहे हैं। होटल एसोसिएशन की मानें तो पिछले साल पर्यटन सीजन के शुरुआती सप्ताह में ही मई के लिए 50 फीसदी तक होटल एडवांस में बुक रहे। मई माह में पर्यटन कारोबार शिखर पर रहा, लेकिन इस साल शुरुआती दौर में मात्र 25 फीसदी ही एडवांस होटल बुकिंग हो पाई है।
चुनाव का दिख रहा असर-
हिमाचल में पर्यटन सीजन के दौरान ही देश में लोकसभा चुनाव का शेड्यूल है। हिमाचल में चुनाव सबसे अंतिम चरण एक जून को होने हैं, लेकिन निचले राज्यों में महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मई के दौरान ही अधिकतर लोकसभा सीटों पर यह प्रकिया पूरी होगी। ऐसे में कही न कहीं पर्यटन कारोबार पर चुनाव का असर भी दिख रहा है।
आईपीएल मैचों से आस
होटल एसोसिएशन की मानें तो एचपीसीए स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैचों के लिए एडवांस बुकिंग का दौर अच्छा चल रहा है। पर्यटन नगरी में होटलों के कमरे 20-30 फीसदी बुक हो चुके हैं। साथ ही आने वाले सप्ताहों में बुकिंग में रफ्तार आएगी।
पिछले साल के मुकाबले इस साल सीजन की शुरुआत अभी धीमी चल रही है। बीते साल अप्रैल में काफी पर्यटक यहां पहुंचे थे।
-विवेक महाजन, महासचिव होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला
पर्यटन सीजन को लेकर कारोबार अभी मंदा ही चल रहा है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
- भास्कर, व्यापारी, धर्मशाला
पर्यटन सीजन में अभी शुरूआत धीमी चल रही है। रोजाना दो से तीन ही पर्यटक पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा पा रहे हैं। हालांकि बीते साल यह संख्या काफी अधिक थी।
- प्रदीप, पैराग्लाइडिंग पायलट, इंद्रूनाग
सीजन अभी तक मंदा ही चल रहा है। इस समय ही 24 घंटे काम की आस रहती है, लेकिन अभी तक रुझान बहुत कम आ रहा है।
- संजीव कुमार, टैक्सी चालक