सुलयाली (कांगड़ा)। सुलयाली पंचायत में उस समय पूरा माहौल भक्तिमय हो गया, जब हरिद्वार से पैदल कांवड़ यात्रा कर पहुंचे शिवभक्तों का ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा और ‘’हर-हर महादेव’’ के जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया। गांव के युवक राकेश सहौत्रा और उनके दो साथियों ने पहली अगस्त को पहली बार हरिद्वार से पैदल कांवड़ यात्रा शुरू की थी। मंगलवार को गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने डिब्केश्वर महादेव मंदिर तक उनकी शोभायात्रा निकाली। समाजसेवी नरेश शर्मा ने इसे सुलयाली गांव के लिए बेहद सौभाग्य और गौरव की बात बताया। कांवड़ियों की ओर से डिब्केश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर यात्रा पूर्ण करने के अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया। संवाद