मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 29 लाभार्थियों को वितरित किए चेक
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को चरणबद्व तरीके से सड़कों के साथ जोड़ा जाएगा। बढल ठौर-बस्सी-डोंटा सड़क को अपग्रेड करने के लिए सात करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। जल्द कार्य आरंभ किया जाएगा। शुक्रवार को बढल ठौर में विकास कार्यों का निरीक्षण करने और जनसमस्याएं सुनने के उपरांत विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरा विधानसभा क्षेत्र के गांव और गरीब का विकास करना मेरा प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव और गरीब के विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि देहरा विस क्षेत्र में जल्द रोजगार मेला भी आयोजित किया जाएगा। स्टार्ट अप योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 29 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये के चेक भी वितरित किए।