रैहन (कांगड़ा)। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के लिए हिमाचली प्रमाणपत्र की शर्त को पूरा करना महिलाओं के लिए कठिन हो रहा है। प्रमाणपत्र बनवाने के लिए हिमाचल ई-डिस्ट्रिक्ट वेबसाइट सही से काम नहीं कर रही है। सरकार की तरफ से आवेदन फार्म जारी करने के बाद महिलाएं संबंधित कागजात पूरे करने में जुटी हुई हैं।
ममता, दर्शना, सुरजीत, मीनाक्षी, प्रवीण, ज्योति, सुनयना, कांता, वीना, अनीता, दीक्षा और पूजा आदि का कहना है कि हिमाचली प्रमाणपत्र बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रही हैं, लेकिन सर्वर ठप होने से काम नहीं हो पा रहा है। बुधवार को दिनभर सर्वर बंद रहा, ऐसे में उन्हें लोकमित्र केंद्रों के चक्कर काटने पड़े। मंगलवार को सर्वर कभी काम कर रहा था तो कभी नहीं।
उन्होंने कहा कि योजना के लिए हिमाचली प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। बड़ी संख्या में महिलाएं ऐसी हैं जिनके पास हिमाचली प्रमाणपत्र नहीं है। अब इस शर्त का पूरा करने के लिए महिलाएं परेशान हो रही हैं। यदि आने वाले दिनों में भी सर्वर काम नहीं करता है तो उनके लिए हिमाचली प्रमाणपत्र बनाना मुश्किल हो जाएगा। वर्तमान समय में हिमाचली प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन प्रक्रिया से ही तहसील में बनाए जाते हैं। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस समस्या का उचित समाधान किया जाए।